रुड़की। एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही युवक के ससुराल वाले रुड़की पहुंचे और हंगामा कर दिया। ससुराल वालों ने युवक की हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने किसी तरह समझाकर उन्हें शांत किया और शव का पंचानामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित न्यू आदर्श नगर निवासी मोहित वर्मा की सोमवार देर रात अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरनगर निवासी मृतक की पत्नी और ससुराल वाले मंगलवार की सुबह आदर्श नगर पहुंचे। यहां ससुराल वालों ने हंगामा कर दिया। इस बीच मृतक के परिजन शव को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। मृतक के ससुराल वाले भी अस्पताल पहुंचे और हंगामा कर दिया।
ससुराल वालों ने मोहित की हत्या की आशंका जताई। हंगामे की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतक के भाई ने बताया कि मोहित काफी समय से बीमार चल रहा था। जिसकी वजह से उसकी मौत हुई है। वहीं, ससुराल वालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट में ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।