ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
रक्षाबंधन के दिन युवक की मौत से परिवार के लोगों में कोहराम
बुआ के बेटे को बचाने के दौरान ट्रक की चपेट में आया युवक
माई सिटी रिपोर्टर
लक्सर। बरला में बुआ को मेरठ की बस में बैठाने गए सैदाबाद के युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक सड़क पर दौड़ रहे बुआ के बेटे को बचा रहा था। युवक ने बुआ के बेटे को तो सलामत बचा लिया, लेकिन खुद हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
मिली जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सैदाबाद गांव निवासी मनोज बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी को लेकर पुरकाजी क्षेत्र में जबरपुर गांव में अपनी ससुराल में जा रहा था। इसी बीच रक्षाबंधन पर घर आई बुआ भी मेरठ जाने के लिए मनोज के साथ कार में निकल पड़ी। जबरपुर जाने के बाद मनोज बुआ को बस में बैठाने के लिए बरला पहुंचा। यहां वह बस स्टैंड पर मेरठ की बस का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच कार में बैठा बुआ का बेटा सड़क की तरफ चलने लगा। मनोज की नजर उस पर पड़ी तो वह उसे बचाने के लिए सड़क की तरफ दौड़ पड़ा। उसने सड़क पर तेज रफ्तार आते ट्रक को देखा तो बुआ के लड़के को उठाकर सड़क की दूसरी ओर धक्का दे दिया, लेकिन खुद ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसी बीच मौके पर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। रक्षाबंधन के दिन ही मनोज की सड़क हादसे में मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।