कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से चार दिन पूर्व चोरी मोबाइल फोन व कंप्यूटर संबंधित सामान बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
17 मई को सरस्वती एनक्लेव निवासी अरविंद शर्मा ने पुलिस को बताया था कि 14/15 मई की रात में चोरों ने उसके घर से दो मोबाइल फोन, एक कैमरा व छह हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
सोमवार देर शाम एक सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में नहर पटरी से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात कबूल की। उसके पास से एक मोबाइल फोन व कंप्यूटर का सामान बरामद हुआ। उसने पुलिस को बताया कि ये सामान उसने अपने साथी के साथ मिलकर सरस्वती एन्क्लेव के एक मकान से चोरी किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम अक्षय कुमार निवासी झबरपुर थाना पुरकाजी जनपद मुजफ्फरनगर बताया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार गंगवार ने बताया कि आरोपी अक्षय कुमार का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।