लक्सर। घर से पांच लाख रुपये लेकर निकला युवक वापस नहीं आया। परिजन ने लक्सर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। लक्सर कोतवाली के सुल्तानपुर निवासी ग्रामीण जमशीद ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा शाहिद तीन जून को सुबह घर से निकला था। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। देर शाम तक भी उसके नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं लग सका। इस दौरान उन्हें युवक के घर में रखे पांच लाख रुपये भी लेकर जाने की जानकारी मिली। दो दिन तक युवक का कहीं पता नहीं लगने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। संवाद
चाकू लेकर घूम रहा व्यक्ति गिरफ्तार
लक्सर। पुलिस ने चाकू लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बुधवार देर रात कांस्टेबल संदीप रावत और रघुनाथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर ने उन्हें एक व्यक्ति के चाकू लेकर ब्रह्मपुर मार्ग की ओर मौजूद होने की सूचना दी। सूचना पर पुलिसकर्मियों ने बताए गए स्थान से एक व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लिए जाने पर उसके पास से एक चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम धर्मपाल निवासी भोगपुर बताया। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया है। संवाद
हरिद्वार आ रही महिला का मोबाइल फोन चोरी
लक्सर। परिवार के साथ हरिद्वार आ रही महिला यात्री का मोबाइल फोन चोरी हो गया। जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सत्यम शर्मा निवासी द्वारिकागंज थाना गोसाईंगंज जनपद सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश अपनी पत्नी और परिजनों के साथ हेमकुंड एक्सप्रेस ट्रेन से चंडीगढ़ से हरिद्वार आ रहे थे। चार जून की सुबह ट्रेन जब रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंची तभी किसी ने उनकी पत्नी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। लौटने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जीआरपी थानाध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि यात्री की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।