ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर शहर निवासी एक युवक से 19 लाख 48 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज कराई थी। अब पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुड़की कोतवाली क्षेत्र निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि साइबर ठगों ने उससे ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने के नाम पर संपर्क किया था। आरोपियों ने निवेश की रकम पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग माध्यमों से रकम ट्रांसफर कर दी।
पीड़ित के अनुसार 17 अप्रैल को उसने बैंक खाते और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 12 लाख 29 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद 23 अप्रैल को भी करीब 7 लाख 19 हजार रुपये आरोपियों के बताए खातों में भेजे गए। इस तरह उसने कुल 19 लाख 48 हजार रुपये निवेश कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि रकम जमा करने के बाद उसे न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश की रकम वापस की गई। काफी प्रयास के बाद भी साइबर ठगों से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उसे अपने साथ धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने अब प्राथमिकी दर्ज कर बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच शुरू कर दी है।