ट्रक की टक्कर से शनिवार की दोपहर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे युवक के मामा नरेश कुमार ने बताया कि युवक तीन बहनों का इकलौता भाई था।
घटनाक्रम के अनुसार जटबहादरपुर थाना-पथरी निवासी शुभम वर्मा (20 वर्ष) पुत्र रामेश्वर शनिवार को दोपहर करीब दो बजे एक शादी समारोह से लौट रहा था। तभी लंढौरा-मंगलौर मार्ग पर एपेक्स इंस्टीट्यूट के समक्ष तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। साथ ही वाहन को भी कब्जे में लिया। इस दौरान कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के शरीर पर ट्रक का पहिया चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। मौके पर देवबंद से पहुंचे युवक के मामा नरेश कुमार ने बताया कि युवक तीन बहनों का इकलौता भाई था और 12 वीं का छात्र था। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।