उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन का चुनाव बृहस्पतिवार को रुड़की स्थित देशी तड़का में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी पदों पर पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। यशवंत सिंह को अध्यक्ष, सूर्यकांत सैनी को उपाध्यक्ष, आयुष सैनी को सचिव, आकाश सिंह को संयुक्त सचिव और हिमांशु कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं मनोज सिंह नेगी और हिमानी सैनी को सदस्य निर्विरोध चुना गया।
चुनाव अधिकारी एडवोकेट प्रशांत राजपूत की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार रविंद्र भंडारी भी मौजूद रहे। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर और शॉल व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने उत्तराखंड में रग्बी को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास रग्बी को गांव-गांव और स्कूलों तक पहुंचाने का रहेगा। साथ ही नई खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा। उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम के नेतृत्व में रग्बी को प्रदेश में नई पहचान मिलेगी।