फ्लाईओवर के पास अंग्रेजी शराब का ठेका हटाए जाने की मांग को लेकर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। इस बीच महिलाओं के साथ दुकान स्वामी की हाथापाई हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान स्वामी को हिरासत में ले लिया और दुकान भी बंद करा दी।
लक्सर कस्बे के उत्तरी किनारे पर एक दुकान स्वामी के नाम शराब की दुकान आवंटित हुई है। उसने फ्लाईओवर के निकट दुकान में अपना सामान रख लिया है। रविवार सुबह कई महिलाएं शराब की दुकान के विरोध में मौके पर पहुंची और हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि पिछले वर्ष भी इस दुकान में ठेका शुरू किया गया था, लेकिन बाद में आबकारी विभाग ने ठेके को हटवा दिया था। अब फिर से यहां ठेका शुरू करना पूरी तरह से गलत है। इस बीच महिलाएं धरने पर बैठ गईं। सूचना मिलते ही एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने आबकारी निरीक्षक को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए, लेकिन आबकारी निरीक्षक मौके पर नहीं पहुंचीं। इस बीच दुकान स्वामी मौके पर पहुंच गया और उसकी महिलाओं से नोकझोंक हो गई। आरोप है कि दुकान स्वामी ने महिलाओं से हाथापाई कर दी, जिसमें एक महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान स्वामी को हिरासत में ले लिया और दुकान पर ताला लगा दिया। एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि दोनों पक्षों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई होगी।