लक्सर क्षेत्र में जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी मूर्ति सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख रुपये नहीं मिल पाने को लेकर शुक्रवार को कई महिलाओं ने लक्सर विकास खंड कार्यालय पर हंगामा किया।
गौरतलब है कि लक्सर गांव में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन व ग्रामीणों के बीच विवादित भूमि पर डा. भीम राव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना को लेकर संघर्ष हो गया था जिसके बाद डीएम एवं एसएसपी ने ग्रामीणों को मूर्ति स्थापना के लिए भूमि व सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख रुपये देने का आश्वासन दिया था जिसके बाद उपलब्ध कराई गई भूमि पर मूर्ति तो स्थापित कर दी गई है, लेकिन धनराशि जारी नहीं की गई।
इसे लेकर शुक्रवार को करीब दो दर्जन महिला किरण खेमवाल के नेतृत्व में लक्सर विकासखंड पहुंचीं। किरण खेमवाल का आरोप था कि सौंदर्यीकरण के लिए दो माह पूर्व मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की धनराशि विकासखंड में पहुंच चुकी है, लेकिन जेई सुदेश कुमार ग्रामीणों को धनराशि सौंपने में हीलाहवाली कर रहे हैं। इस दौरान दुलारी, सरला, दया, सविता, सुमित्रा, अनिता, चंदरो, राजो व दिला आदि महिलाएं मौजूद रहीं।