कंपनी के एक अधिकारी पर महिला को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों और महिलाओं ने बुधवार को कंपनी के गेट पर प्रदर्शन किया। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धमकाया। काफी देर विरोध करने के बाद लोग अपने घरों की ओर लौट गए।
खानपुर-लक्सर हाईवे पर गंगनोली गांव के पास एक कंपनी है। इस कंपनी में महिला कर्मचारी भी काम करती है। मंगलवार को कंपनी के एक अधिकारी ने एक महिला के व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेज दिए। महिला ने जब मैसेज देखे तो उसने अपने परिजनों को जानकारी दी। घटना के बाद परिजन और महिला कर्मचारी कंपनी के गेट पर पहुंचे और आरोपी अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
आरोप है कि विरोध के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और संबंधित अधिकारी को गेट पर नहीं बुलाया। कुछ देर प्रदर्शन कर पीड़िता और परिजन कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कहते हुए लौट गए। गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी सूरत शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।