कोतवाली क्षेत्र के गांव में बुधवार को एक 36 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर की तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कलियर थाना क्षेत्र के एक गांव में 36 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में पंखे से लटका मिला। घटना के समय महिला का पति बाजार में सामान लेने गया हुआ था जबकि बच्चे पढ़ने के लिए घर से बाहर थे। जब पति घर लौटा तो उसने कमरे में पत्नी का शव लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को देकर घटनास्थल पर बुलाया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतका का पति राजमिस्त्री का काम करता है और परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि महिला की मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।