गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी अंबर तालाब में सड़क से गुजर रही एक महिला पर अज्ञात व्यक्ति ने ईंट से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सोलानीपुरम निवासी रेखा शुक्रवार को किसी कार्य से पश्चिमी अंबर तालाब क्षेत्र गई थीं। महिला सड़क पर पैदल जा रही थी तभी अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति ने बेवजह उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
महिला को घायल अवस्था में देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे चिकित्सक के पास पहुंचाया। हालत में सुधार होने पर महिला ने अपने परिजनों को सूचना दी और बाद में पुलिस से शिकायत की। पीड़िता पहले सिविल लाइन कोतवाली पहुंची जहां घटनास्थल गंगनहर क्षेत्र का होने के कारण उसे गंगनहर कोतवाली भेजा गया। गंगनहर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।