गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर सफाई कर रही एक महिला से छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पड़ोसी युवक, उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह वह अपने घर के बाहर सफाई कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर धक्का देकर नीचे गिरा दिया जिससे उसे चोटें आईं। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने अपनी पत्नी और एक परिचित को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। किसी तरह महिला ने घर के अंदर भागकर जान बचाई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़े होकर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।