गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक की 40 वर्षीय मां संदिग्ध परिस्थिति में घर से लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी महिला का सुराग नहीं मिलने पर पुत्र ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में युवक ने बताया कि उसकी मां 25 अक्तूबर को दोपहर करीब दो बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों और रिश्तेदारों ने अपने स्तर से महिला की काफी तलाश की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पाया। युवक ने आशंका जताई है कि बिजनौर निवासी और वर्तमान में रुड़की में रह रहा एक व्यक्ति उसकी मां को अपने साथ ले गया है।
वहीं, पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग और पारिवारिक मनमुटाव के पहलू से भी जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर महिला की लोकेशन और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।