रुड़की। मानकपुर आदमपुर गांव में एक महिला ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने दादा ससुर और ननद की हत्या की थी। करीब डेढ़ माह बाद प्रेमी के साथ फोन पर की गई बातचीत के आधार पर मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली में पत्रकार वार्ता करते हुए एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि विगत 16 दिसंबर को झबरेड़ा थाना क्षेत्र के मानकपुर आदमपुर गांव निवासी फैक्टरी कर्मी सूरज ने दादा महेंद्र और बहन प्रीती की हत्या के मामले में अपनी पत्नी रिया और पड़ोसी युवक रोहित पर शक जताया था। पति ने बताया था कि वह फैक्टरी में काम करता है। बताया कि पत्नी के मोबाइल में उसे एक वाइस रिकॉडिंग मिली है। इसमें पत्नी रिया और पड़ोसी रोहित के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई। इसी आधार पर उन्हें शक हुआ कि करीब डेढ़ माह पहले दादा और बहन की हुई अचानक मौत नहीं बल्कि हत्या थी। उन्होंने पत्नी और उसके प्रेमी पर दोनों हत्याएं करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए रिया और रोहित निवासी मानकपुर को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई पुलिस की पूछताछ में दोनों से हत्या की बात कबूलते हुए पूरा सच बता दिया। एसपी के मुताबिक रोहित ने रिया को नशे की गोलियां दे रखी थी। अक्सर पूरे परिवार को नशे की गोलियां देने के बाद दोनों रात को मिलते थे। दो नवंबर की रात को सूरज के दादा महेंद्र की नींद खुली तो उन्होंने रिया और रोहित को एक साथ देख लिया। इसके बाद दोनों ने महेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या को सामान्य मौत का रूप देने के लिए उन्होंने शव को चारपाई पर लेटा दिया। स्वजनों ने भी बुुजुर्ग की सामान्य मौत मानकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया। दादा की मौत के बाद मामा के यहां रह रही सूरज की बहन प्रीती भी घर लौट आई। इसके चलते रिया और रोहित का रात में मिलना बंद हो गया। ऐसे में दोनों ने प्रीती को भी रास्ते से हटाने के लिए 5 नवंबर को पहले उसे खाने में नशे की गोलियां दी और फिर मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि प्रीती की हत्या को भी सामान्य मौत का रूप दिया गया। परिजन प्रीती की हत्या को भी सामान्य मौत मानती रही। एसपी देहात ने बताया कि पड़ताल में रोहित के मोबाइल से भी रिकाडिंग मिली है। दोनों हत्यारोपितों से पूछताछ की जा रही है। एसएपसी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, चौकी प्रभारी मोहन कठैत, एसआई संजय नेगी, मोहित खंतवाल, नूर मलिक, प्रमोद कुमार आदि शामिल रहे।