महिला के गंगनहर में कूदने के बाद लोगों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : amarujala
मुजफ्फरनगर के कस्बा पुरकाजी से इलाज कराने रुड़की पहुंची एक महिला ने गणेशपुर पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी। पति के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, मगर कुछ दूरी पर उसका शव बरामद हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। महिला मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है।
मुजफ्फरनगर पुरकाजी निवासी मुर्सलीन की पत्नी दिलरुबा का रुड़की में एक मनोचिकित्सक से इलाज चल रहा था। अक्सर वह अपनी पत्नी का चेकअप कराने रुड़की आता था। बृहस्पतिवार को भी मुर्सलीन पत्नी को लेकर रुड़की आया था। सुबह करीब नौ बजे गणेशपुर पुल से गुजरने के दौरान दिलरुबा ने अचानक पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी।
मुर्सलीन के शोर मचाने पर आसपास मौजूद तैराक युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया। कुछ दूरी पर उसे निकाल लिया गया, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। माना जा रहा है कि महिला ने लंबी बीमारी से तंग आकर ये कदम उठाया होगा। गंगनहर कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।