ऑनलाइन नौकरी की तलाश कर रही एक महिला साइबर ठगों के जाल में फंस गई। ठग ने खुद को कंपनी का मैनेजर बताकर महिला को नौकरी का झांसा दिया और आवेदन के नाम पर भेजे गए लिंक से उसके खाते से 32 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की पुरानी तहसील निवासी सुनीता नौकरी की तलाश कर रही थीं। बुधवार को उन्होंने फेसबुक पर ऑनलाइन जॉब से जुड़ा एक विज्ञापन देखा जिसमें संपर्क के लिए मोबाइल नंबर दिया गया था। महिला ने नंबर पर कॉल की तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एक कंपनी का मैनेजर बताया।
आरोपी ने कहा कि उनकी कंपनी में ऑनलाइन काम करने वाली महिलाओं की भर्ती चल रही है और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक लिंक भेजा जाएगा। महिला उसकी बातों में आ गई और व्हाट्सएप पर आए लिंक को खोल दिया। लिंक ओपन करते ही महिला के बैंक खाते से 32 हजार रुपये निकल गए। कुछ देर बाद मोबाइल पर रकम कटने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिस मोबाइल नंबर से महिला से संपर्क किया गया था उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।