कस्बे के मोहल्ला लालबाड़ा में मंगलवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है। मृतका के पति के खिलाफ कुछ दिन पूर्व पॉक्सो का मामला भी दर्ज हुआ था।
मंगलवार सुबह सोनी अपने कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी मिली। इस दौरान उसके मुंह से झाग निकल रहा था। स्थिति को गंभीर देख परिजनों में हड़कंप मच गया। आननफानन परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लिया। प्रथम दृष्टया महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मुंह से झाग निकलने के कारण प्राथमिक तौर पर किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या अचानक किसी गंभीर बीमारी की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - अभिनय चौधरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी