ग्राम बोंगला में महिला ने घर में चोरी कर रहे एक युवक को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। महिला के साहस की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
बोंगला निवासी सपना चौधरी ने बहादराबाद थाने में तहरीर देकर बताया कि सुबह वह नहाने के लिए बाथरूम में गई तो मौका पाकर दो लोग घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी से सोने की अंगूठी, मंगल सूत्र और भूखंड के कागजात निकालकर भागने की कोशिश करने लगे। घर के अंदर आवाज सुनकर वह बाहर आई तो एक युवक उनमें से भाग निकला और दूसरे को उसने धर दबोचा।
साथ ही हल्ला मचाकर पड़ोसियों को बुला लिया। हल्ला सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और चोरी की सूचना पुलिस को दी। इस बीच लोगों ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।
थानाक्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। बुधवार रात में भी बेगमपुर से मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर चोरों द्वारा हजारों रुपये की नगदी और लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया था। वहीं खेलड़ी मंदिर से दान पात्र पर भी चोरों हाथ साफ कर लिया गया। थानाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने बताया कि सभी चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है।