संयुक्त अरब अमीरात में पति और पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पति छोटी बच्ची को लेकर रुड़की आ गया जिसकी तलाश में महिला रुड़की कोतवाली पहुंची। साथ ही पुलिस से बच्ची को दिलाने की गुहार लगाई। इस पर पुलिस ने मामला महिला हेल्पलाइन भेज दिया। इस संबंध में एसडीएम से भी शिकायत की गई जिस पर पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है।
जानकारी के अनुसार 16 साल पहले सोलानीपुरम निवासी एक युवक की शादी गाजियाबाद निवासी युवती से हुई थी। दोनों ही संयुक्त अरब अमीरात में आर्किटेक्ट हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसके बाद पति वहां से बच्ची को लेकर रुड़की आ गया।
उसकी तलाश में बुधवार की शाम महिला भी सोलानीपुरम पहुंच गई, लेकिन पति ने कुछ भी सुनने से इनकार कर दिया। इसके बाद बृहस्पतिवार को महिला ने पुलिस से शिकायत की। साथ ही बच्ची को वापस दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस ने मामला महिला हेल्पलाइन रेफर कर दिया। इसके बाद महिला सोलानीपुरम भी पहुंची जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत एसडीएम से की गई है जिसमें पुलिस से आख्या मांगी गई है।