पत्नी ने मायके पक्ष के लोगों के साथ एक स्कूल में घुसकर बच्चों को पढ़ा रहे शिक्षक पति को बुरी तरह से पीट डाला। इस सिलसिले में शिक्षक ने अपनी पत्नी सहित छह लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राथमिक विद्यालय पनियाला गांव के शिक्षक राजीव शर्मा अपने स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान उनकी पत्नी नीतू शर्मा, सास, ससुर आदि छह लोग स्कूल में घुस आए और एकाएक राजीव शर्मा को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उनको काफी चोटें आईं। स्कूल के स्टाफ ने बामुश्किल उन्हें बचाया। घायल शिक्षक राजीव शर्मा को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने अपनी पत्नी, सास, ससुर आदि छह लोगों के खिलाफ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक शिक्षक राजीव शर्मा और उनकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। महिला हेल्प लाइन में उनके बीच काउंसिलिंग भी चल रही है। महिला हेल्प लाइन में पिछले दिनों पति-पत्नी को बुलाया गया था, लेकिन राजीव शर्मा वहां नहीं पहुंचे। इसी बात से नाराज होकर उनके साथ मारपीट की गई है।