शहर और आसपास के क्षेत्रों में रामलीला का आगाज हो गया है। मंगलवार की देर रात रामनगर रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में नारद मोह का मंचन किया गया। इससे पहले नारद की तपस्या से इंद्र का सिंहासन हिल उठा था। कलाकारों ने अलग-अलग पात्रों को मंच पर जीवंत कर दिया। दूसरी ओर बीटीगंज और नेहरू स्टेडियम रामलीला समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसके अलावा अस्पताल रोड स्थित रामलीला का भी बुधवार को शुभारंभ किया गया।
रामनगर स्थित रामलीला भवन में मंगलवार की रात रामलीला मंचन का शुभारंभ किया गया। पहले दिन नारद मोह का मंचन किया गया। इसमें नारद की तपस्या से जब इंद्र का सिंहासन डोलने लगा तो उन्होंने अप्सराओं को तपस्या भंग करने के लिए भेजा। ऐसे में एक अप्सरा को देखकर नारद की तपस्या भंग हो गई। उसे अपने वश में करने के लिए नारद मुनि भगवान विष्णु के पास पहुंचे और सुंदर चेहरा देने को कहा, ताकि अप्सरा को वश में कर सकें। इस पर विष्णु ने उनका चेहरा बंदर का बना दिया। बाद में नारद मुनि ने उन्हें श्राप दे दिया कि जिस पर स्त्री के कारण मेरी जगहंसाई हुई उसी प्रकार तुम्हारे भी कष्ट का कारण एक स्त्री बनेगी। इससे पहले मुख्यअतिथि मनोहर लाल शर्मा ने रामलीला का शुभारंभ किया। साथ ही रामायण की महत्ता पर प्रकाश डाला। दूसरी ओर श्री रामलीला समिति नेहरू स्टेडियम की ओर से पूजा अर्चना के बाद बुधवार को शहर में शोभायात्रा निकाली गई। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शोभायात्रा नेहरू स्टेडियम पहुंची। इसके बाद देर रात रामलीला का मंचन का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा में मेयर यशपाल राणा, अरविंद कश्यप, प्रवीन मेहंदीरत्ता, राकेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
दूसरी ओर रामलीला समिति बीटीगंज की ओर से भी शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजों और देवी देवताओं संग शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। इसके बाद वापस बीटीगंज रामलीला मंचन स्थल पर पहुंची, जहां देर रात तक भगवान राम की लीलाओं का वर्णन किया गया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, सौरभ सिंघल, मनोज अग्रवाल, राकेश गर्ग, प्रदीप जैन, रजनीश गुप्ता, दिनेश शर्मा आदि उपस्थित थे। इसके अलावा शहर में अस्पताल रोड स्थित रामलीला समिति की ओर से भी बुधवार को मंचन का शुभारंभ किया गया।
गढ़वाल सभा की रामलीला कल से
रुड़की गढ़वाल सभा की ओर से शुक्रवार से सुभाषनगर पनियाला रोड में रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि और पूर्व विधायक प्रदीप बत्रा करेंगे। यह जानकारी समिति संयोजक जेपी कुकरेती ने दी।
रामलीला में जुट रहे ग्रामीण
झबरेड़ा। रामलीला के तीसरे दिन मंगलवार की रात को राजा दशरथ के तीर से श्रवण का वध एवं श्रवण के माता-पिता के विलाप का जीवंत अभिनय कलाकारों ने किया । क्षेत्र के लोग रामलीला में पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं को देख रहे हैं।
लंढौरा में रामलीला शुरू
लंढौरा। मंगलवार की रात में रामलीला ग्राउंड पर राजा बलवंत सिंह श्रीराम चरित्र मानस धर्मात समाजहित संस्था की ओर से रालीला का शुभारंभ गणेश एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। पहले दिन नारदमोह की लीला का कलाकारों ने जीवंत दृश्य पेश किया। इस मौके पर प्रबंधक मनोज, संदीप सैनी, अध्यक्ष डा. इलमचंद प्रजापति, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव सुनील वालिया, संयोजक राजेश वालिया, संजीव सिंघल आदि मौजूद रहे। केशव युवा शक्ति मंडल की ओर से शुरू की रामलीला का उद्घाटन सुबोध राकेश ने किया। इस मौके पर रोहित कुमार, जॉनी कुमार आदि मौजूद रहे।