- क्षेत्र में 11 क्रय केंद्रों में कुछ पर अभी शुरू नहीं हो सकी गेहूं की खरीद
- गेहूं के लिए 2585 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया है
लक्सर। फसल पकने के साथ गेहूं की कटाई तेज हो गई है। हालांकि अभी भी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। कुछ क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू हो गई है लेकिन कुछ क्रय केंद्र पर अभी शासन से निर्देश मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अगले दो से तीन दिनों में इन केंद्रों पर भी खरीद शुरू होने की उम्मीद है।
गेहूं खरीद के लिए जनपद में 45 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। स्टेट पूल डिपो से संबद्ध केंद्रों पर खाद्य विभाग के साथ ही यूसीएफ, एनसीसीएफ, यूकेपीसीयू और उत्तराखंड उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड को प्रदेश में गेहूं की खरीद का जिम्मा सौंपा गया है। लक्सर में 11 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद की जाएगी। एक अप्रैल से सभी क्रय केंद्र पर खरीद प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है लेकिन कुछ केंद्रों पर अभी गेहूं की खरीद आरंभ नहीं हुई है। यूसीएफ के प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि यूसीएफ ने दाबकी और गोवर्धनपुर में क्रय केंद्र बनाए हैं। दाबकी केंद्र पर अभी तक 216 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। लक्सर में खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर भी अभी खरीद शुरू नहीं हुई है। केंद्र पर फिलहाल किसान अपना पंजीकरण कराने के लिए पहुंच रहे हैं। सरकार ने इस बार गेहूं के लिए 2585 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया है। यह पिछली बार से करीब 160 रुपये अधिक है।
-
केंद्र पर किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है। कुछ औपचारिकताएं शेष हैं, शासन से लक्ष्य और निर्देश मिलने पर अगले दो से तीन दिनां में सभी जगह खरीद शुरू हो जाएगी। - निधि अरोड़ा, वरिष्ठ विपणन निरीक्षक