कई स्थानों पर जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) लक्सर की टीम ने सर्वे किया। अब पीडब्ल्यूडी की टीम स्टीमेट बनाकर विधायक को सौंपेगी। इसके बाद जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विधायक निधि से कार्य हो सकेंगे।
काफी समय से लोग विधायक काजी निजामुद्दीन से जलभराव की समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। इस पर विधायक ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से वार्ता की थी। बुधवार को अवर अभियंता बृजपाल सिंह टीम के साथ मंगलौर पहुंचे और मोहल्ला पठानपुरा में पीरपुरा रोड व टोली में जलभराव का सर्वे किया। इसके अलावा कोतवाली के पीछे नबी कॉलोनी का भी सर्वे किया गया। अवर अभियंता बृजपाल सिंह ने बताया कि जल्द ही कार्यों का स्टीमेट बनाकर विधायक को भेजा जाएगा। विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि जिन स्थानों पर जलभराव हो रहा है, जल्द वहां कार्य शुरू कराया जाएगा। साथ ही वह नगरपालिका परिषद से भी जानकारी ले रहे हैं कि किन स्थानों पर जलभराव से बचाव कार्यों का टेंडर किया गया है। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष चौधरी इस्लाम, डॉ. शराफत अंसारी, विधायक प्रतिनिधि नवाज काजमी, कलीम मलिक, परवेज नंबरदार मौजूद रहे।