ब्लॉक नारसन के अंतर्गत ग्राम ब्रह्मपुर जट्ट में जर्जर रास्ते की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र भेजकर मार्ग का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने पत्र के माध्यम से प्रशासन का ध्यान गांव की गरीब मजदूर बस्ती की ओर केंद्रित किया है।
ग्रामीणों के अनुसार बस्ती में जयप्रकाश के मकान से लेकर कुंवरपाल के मकान तक जाने वाला रास्ता लंबे समय से बेहद खराब स्थिति में है। रास्ते पर हमेशा कीचड़ रहने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। जलभराव के कारण रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है जिससे स्थानीय निवासियों के साथ ही मजदूरों और स्कूल जाने वाले बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या से ग्राम प्रधान और ब्लॉक नारसन के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द मार्ग का निर्माण कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में सुशील, किशन सिंह, गजे सिंह, बिट्टू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।