ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने दौड़ा दिया। बदमाश गन्ने के खेतों में घुसकर फरार हो गया। मामले की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने गांव पहुंचकर जानकारी ली।
झबरेड़ा क्षेत्र के कुंजा बहादुरपुर के पास ही गांव को विद्युत आपूर्ति करने के लिए ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। बृहस्पतिवार रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने गांव की मेन लाइन काटकर ट्रांसफार्मर चोरी करने की कोशिश की। बदमाशों ने ट्रांसफार्मर के तार भी खोल दिए। इसी दौरान एक ग्रामीण को ट्रांसफार्मर की तरफ से कुछ आहट सुनाई दी।
उसने मकान की छत पर चढ़कर देखा तो तीन बदमाश ट्रांसफार्मर नीचे गिराने की कोशिश कर रहे थे। ग्रामीण ने मोबाइल से ट्रांसफार्मर चोरी की सूचना अन्य लोगों को दी। इस पर अन्य लोग घर से बाहर आ गए और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने बदमाशों की सूचना पुलिस को दी। पुलिस रात में ही गांव पहुंची और जानकारी ली। एसओ अंकुर शमा ने बताया कि बदमाशों के बारे में जानकारी की जा रही है।