लक्सर। सड़क पर पहले से बने पुश्ते तोड़े बिना ही नई सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार के खिलाफ गंगनौली गांव के ग्रामीणों ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। गुस्साए ग्रामीणों ने निर्माण कार्य बंद करा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने बीडीओ और ठेकेदार को पुश्ते तोड़कर ही सड़क का निर्माण करने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
गंगनौली गांव में जिला पंचायत निधि की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। गांव में कुछ ग्रामीणों ने पिछले दिनों अपने जो मकान बनाए हैं, वह उन्होंने काफी ऊंचाई पर बनाए हैं। ऐसे में घर में आने जाने के लिए ग्रामीणों ने सड़क पर पुश्ते बना लिए हैं। अब ठेकेदार सड़क पर बने पुश्तों को तोड़े बिना ही सड़क का निर्माण कर रहा है। इसी से नाराज ग्रामीण विनोद उपाध्याय, संजय चौधरी, मोहर सिंह, महक सिंह एडवोकेट और संजू आदि ने एसडीएम पूरण सिंह राणा से मिलकर इसकी शिकायत की थी। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने बीडीओ चंदन लाल राही को मामले की जांच कराकर ठीक प्रकार से निर्माण शुरू कराने के आदेश दिए थे, लेकिन मंगलवार को ठेकेदार ने पुश्ते तोड़े बिना ही सड़क का काम शुरू कर दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन और हंगामा किया। उन्होंने पुश्ते तोड़ने के बाद ही काम करने की चेतावनी दी। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम पूरण सिंह राणा मौके पर पहुंच गए। उनके निरीक्षण में सड़क पर पुश्ते बने मिले। उन्होंने मामले में नाराजगी जताते हुए बीडीओ और ठेकेदार को बुधवार को पुश्ते हटाने के बाद सड़क का काम शुरू करने के आदेश दिए। इसके बाद ग्रामीण शांत हो गए।