हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर रविवार सुबह गांव बादशाहपुर में खनन सामग्री से लदी बेकाबू ट्रैक्टर ट्राली ने साइकिल में हवा भरे एक ग्रामीण को चपेट में ले लिया। ग्रामीण की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जाम लगा दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने किसी तरह से ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
गांव नसीरपुर कलां का 25 वर्षीय तसलीम बादशाहपुर के बस स्टैंड पर अपनी साइकिल में हवा भर रहा था। इसी दौरान गांव शाहपुर की ओर से आ रही बजरी से लदी ट्रैक्टर ट्राली ने तसलीम को चपेट में ले लिया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटनास्थल पर ही ग्रामीण ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर गांव नसीरपुरकलां से पहुंचे ग्रामीणों ने हरिद्वार-लक्सर मार्ग जाम लगा दिया। घटना की सूचना पर सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह रावत, लक्सर कोतवाल जयदेव आर्य व पथरी थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी पहुंचे। गुस्साये ग्रामीणों ने पुलिस की भी एक न सुनी। करीब डेढ़ घंटे तक ग्रामीण डटे रहे। पुलिस ने यातायात का दबाव होने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ओवरलोड वाहन दिनरात सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। मांग कि की फरार चालक की गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाए। पुलिस के समझाने बुझाने पर आखिरकार ग्रामीण मान ही गए। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताय कि आरोपी ट्रैक्टर ट्राली चालक की तलाश कर रहे हैं।
मौत बनकर दौड़ रहे ओवर लोड वाहन
पथरी। हरिद्वार लक्सर मार्ग पर ओवरलोड वाहन मौत बनकर दौड़ रहे है। बावजूद इसके ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है। पिछले माह भट्टीपुर में बाइक सवार चिकित्सक की ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई थी। तब पुलिस ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान की शुरुआत की थी। एक दो दिन कार्रवाई के बाद अभियान ठिठक गया। क्षेत्र में हरिद्वार लक्सर हाईवे पर रेत व बजरी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली, ट्रक व डंपर बेलगाम दौड़ रहे है। पुलिस व परिवहन विभाग इनके खिलाफ कार्रवाई करने ही हिम्मत ही नहीं जुटा पाता है।
गांव में पसरा मातम
पथरी। गांव नसीरपुरकलां में मजदूर तसलीम की मौत से मातम छा गया। तसलीम की मौत से मां अम्मी मोमिना, पत्नी बीबी मैशर, बेटी आशिका व रेहान का रो रोकर बुरा हाल है। तसलीम पर ही पूरे घर की जिम्मेदारी थी। तसलीम की पत्नी बीबी मैशर का कहना है कि पति की मौत के बाद अब गुजर बसर कैसा होगा। पूरे गांव में रविवार को चूल्हा नहीं जला।
स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग
पथरी। क्षेत्रीय लोगों ने डीएम से हरिद्वार लक्सर हाईवे पर बढती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भट्टीपुर, बादशाहपुर, शाहपुर, पदार्था, धनपुरा, फेरूपुर व कटारपुर आदि स्थानों पर सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। कांग्रेस नेता व जिला पंचायत सदस्य नसीम अंसारी, साधुराम चौहान, हनीफ अंसारी आदि का कहना है कि इन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनने से दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी।