अखिल भारतीय अंबेडकर महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या गौतम के भूख हड़ताल के आठवें दिन समर्थकों ने बालावाली तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। एसपी देहात व अपर जिलाधिकारी ने समर्थकों से जाम खोलने की अपील की। लेकिन समर्थक नहीं माने। इस दौरान समर्थकों और अधिकारियों में जमकर नोकझोंक हुई। विद्या गौतम की अपील पर समर्थकों ने जाम खोला।
अखिल भारतीय अंबेडकर महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या गौतम लक्सर के सिमली स्थित रविदास मंदिर में आठ दिन से अपनी मांगों के लिए भूख हड़ताल पर हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्या के सैकड़ों समर्थकों ने मंगलवार दोपहर एक बजे लक्सर के बालावाली तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान लक्सर-खानपुर, लक्सर-रायसी व लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी डीएस रावत व उपजिलाधिकारी किशन सिंह नेगी समर्थकों को समझाने पहुंचे। लेकिन समर्थकों ने किसी की बात न मानते हुए डीएम को मौके पर बुलाने की बात रखी।
उसके करीब एक घंटे बाद अपर जिलाधिकारी जीवन सिंह नगन्याल, एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल के साथ मौके पर पहुंचे। अपर जिलाधिकारी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देते हुए समर्थकों से जाम खोलने की अपील की। लेकिन समर्थक मामले में ठोस कार्रवाई न होने तक मौके से हटने को तैयार नहीं थे। जाम के करीब दो घंटे बाद विद्या गौतम ने मौके पर पहुंचकर एलान किया कि अपर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि वह बुधवार दोपहर तक मांगों का एक प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज देंगे। उसके बाद कार्रवाई शासन में होगी। विद्या की अपील पर समर्थकों ने जाम खोल दिया।
क्या है मांगें
-विद्या गौतम की सात मांगे हैं। लेकिन इनमें सबसे महत्वपूर्ण मांग यह है कि प्रदेश सरकार ने जिन सामान्य और ओबीसी की 48 जातियों को गैर संवैधानिक तरीके से एससी कोटे में शामिल किया है। उन्हें इससे बाहर किया जाए। विद्या गौतम का दावा है कि प्रदेश सरकार को एससी में किसी जातियों को शामिल करने का अधिकार ही नहीं है। यह अधिकार केवल केंद्र सरकार के पास है।
जब भीड़ नहीं मानी...
- चक्का जाम का नेतृत्व कर रही भीड़ एक बार पूरी तरह बेकाबू हो गई। अपर जिलाधिकारी व एसपी देहात के समझाने पर नेतृत्व कर रहे लोगों ने समर्थकों से कहा कि जाम खोलकर पांच सदस्य कमेटी प्रशासन से बात करने तहसील चले। लेकिन समर्थकों ने नेतृत्व कर रहे लोगों की एक न मानते हुए प्रशासन से मौके पर ही बात करने को कहा।
कब, क्या हुआ....
- दोपहर एक बजे समर्थकों ने बालावाली तिराहे (लक्सर) पहुंचकर चक्का जाम कर दिया।
- सवा बजे मौके पर उपजिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी पहुंचे। दोनों ने समर्थकों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन कोई नहीं माने।
- दो बजकर 10 मिनट पर अपर जिलाधिकारी व एसपी देहात मौके पर पहुंचे। समर्थकों से जमा खोलने की मांग। लेकिन समर्थक नहीं माने।
- दो बजकर 26 मिनट पर एसपी देहात व समर्थकों में नोकझोंक हुई। उसके बाद एसपी देहात ने पीएसी बुलाने के निर्देश दिए।
- तीन बजकर दो मिनट पर विद्या गौतम मौके पर पहुंची और समर्थकों को संबोधित किया।
- तीन बजकर दस मिनट पर विद्या गौतम की अपील पर समर्थकों ने जाम खोला।
इनसेट
जाम से देहात क्षेत्रों का कटा संपर्क
खानपुर। अखिल भारतीय अंबेडकर महासभा द्वारा बालावाली तिराहे पर लगाए गए जाम के चलते लक्सर खानपुर मार्ग, लक्सर रायसी मार्ग, लक्सर रुड़की मार्ग पर यातायात ठप्प रहा। जिसके चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने स्कूली बच्चों की बसों को निकलने दिया।