चौकी क्षेत्र के गांव टांडा महतोली में शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी को उसके परिजनों ने पुलिसकर्मियों से छुड़ा लिया और फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
सुमित निवासी टांडा महतोली ने 112 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के गुलशन ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की है। इसके बाद सुल्तानपुर चौकी पहुंचकर भी आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम आरोपी गुलशन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान गुलशन ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। शोर होने पर आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम से उलझ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामे के बीच आरोपी को पुलिसकर्मियों की पकड़ से छुड़ा लिया गया।
स्थिति बिगड़ती देख दोनों पुलिसकर्मी चौकी लौट आए और अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंचीं लेकिन तब तक आरोपी अपने परिजनों के साथ फरार हो चुका था। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी और उसके परिजनों की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का क्षेत्र में विवादित प्रवृत्ति का इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी मारपीट व विवाद की घटनाओं में शामिल रहा है। क्षेत्राधिकारी (लक्सर) देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हेल्पलाइन शिकायत के आधार पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। जांच के दौरान एक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई की घटना हुई है। आरोपी और उसके परिजन फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।