एटीएम से पैसे निकाल रही महिला से की गई 10 हजार की धोखाधड़ी में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने एटीएम में चिप लगाकर महिला से धोखाधड़ी की थी। उनके कब्जे से पुलिस ने 10 हजार रुपये नकद व चिप बरामद की है।
मंगलवार को उदलहेड़ी निवासी नेहा ने कोतवाली मंगलौर पुलिस को शिकायत की थी। बताया था कि वह एसबीआई एटीएम गुरुकुल नारसन में पैसे निकालने गई तो कुछ लोगों ने उसके साथ 10 हजार की धोखाधड़ी कर दी। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की।
बुधवार को पुलिस ने एसबीआई एटीएम नारसन से चिप निकालकर रुपये निकालने की नीयत से पहुंचे दो संदिग्ध शावेज व गुलफाम निवासी लंढौरा कोतवाली मंगलौर को एटीएम के पास की गली से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर इनके कब्जे से दो चिप और 10 हजार रुपये बरामद हुए। दोनों आरोपियों ने महिला से धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में बताया कि वह काफी समय से हरिद्वार, ज्वालापुर, कलियर, लक्सर आदि क्षेत्र में ऐसे एटीएम को चुनते थे जिसमें आमजन पैसा तो निकालते तो हों लेकिन सुरक्षा गार्ड न हों। ऐसे में आरोपी एटीएम में कैश निकालने के स्थान पर चिप चिपका देते थे और एटीएम के आसपास खड़े होकर निगरानी करते थे।