रुड़की। देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाने पर हंगामा हो गया। बुजुर्ग ने विरोध किया तो डीजे संचालक ने अभद्रता कर दी। इस पर बुजुर्ग ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने डीजे संचालक को कोतवाली में बुलाया और हवालात में बंद कर दिया। माफी मांगने पर पुलिस ने चेतावनी देकर उसे छोड़ा। साथ ही दोबारा ऐसी गलती करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा में बुजुर्ग आदेश कुमार परिवार के साथ रहते हैं। उनके पड़ोस में एक डीजे वाला भी रहता है। आरोप है कि वह अक्सर तेज आवाज में रात को डीजे बजाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। कई बार समझाने के बाद भी वह तेज आवाज में डीजे बजाने से बाज नहीं आ रहा है। शुक्रवार रात उसने फिर तेज आवाज में डीजे बजाना शुरू कर दिया। इस पर पड़ोसियों की नींद खराब हो गई और उन्होंने हंगामा कर दिया। बुजुर्ग उसके घर पहुंचे और डीजे बंद करने की बात कही। आरोप है कि युवक ने बुजुर्ग से अभद्रता कर दी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बुजुर्ग ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस युवक को लेकर कोतवाली पहुंची और हवालात में बंद कर दिया। बाद में युवक के बुजुर्ग से माफी मांगने और दोबारा ऐसी गलती नहीं करने पर पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।