लेनदेन के विवाद में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने वाली कंपनी कर्मचारियों ने दो दोस्तों को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। पुलिस ने शिकायत के बाद कंपनी के दो कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
रुड़की कोतवाली क्षेत्र निवासी दानिश की सती मोहल्ले में परचून की दुकान है। दुकान पर चार साल पूर्व एक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने वाली कंपनी ने लेनदेन के लिए बॉक्स लगाया था। शुक्रवार को कंपनी के दोनों कर्मचारी वहां पर आए। उन्होंने दानिश को बताया कि ऑनलाइन लेनदेन के लिए लगाए गए बॉक्स के 4,700 रुपये बकाया हैं।
लेनदेन का बॉक्स करीब तीन साल से बंद है और बकाया होने का कोई मतलब नहीं है। इसी बीच दानिश का दोस्त कामरान और समीर वहां पर आ गए। उन्होंने भी कंपनी के कर्मचारियों की बात को लेकर बकाया रकम का विरोध किया। इसको लेकर कामरान और समीर की कंपनी के कर्मचारियाें की कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया।
शनिवार सुबह कामरान और समीर नीलम टॉकिज के पास से होकर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों कर्मचारियों ने उनका रास्ता रोका और गाली-गलौज कर दोनों दोस्तों की पिटाई कर दी। इसमें कामरान व समीर घायल हो गए और जमकर हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट में शामिल कर्मचारियाें को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेजा था। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।