लक्सर क्षेत्र के सेठपुर गांव में हुई हत्या की घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण।
- फोटो : ROORKEE
दादी और पोते के बीच हुई मामूली कहासुनी का विरोध करना चाचा को भारी पड़ गया। गुस्साए भतीजे ने घर में रखे चाकू से चाचा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिक खून बहने से चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया।
क्षेत्र के सेठपुर गांव निवासी राजकुमार पुत्र हरनंद उर्फ भुरटी अपने परिवार के साथ रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार को राजकुमार के बेटे सन्नी (28) की अपनी दादी कस्तूरी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते बात बढ़ गई। इसी बीच सन्नी के चाचा जयसिंह (38) भी वहां पहुंच गया। भतीजे को अपनी मां के साथ लड़ता देख जयसिंह ने सन्नी को धमकाते हुए मां के साथ लड़ने से मना किया। यह बात सन्नी को बर्दाश्त नहीं हुई। आरोप है कि गुस्साया सन्नी अपने घर में रखा चाकू लेकर बाहर आ गया। उसका चाचा जैसे ही अपने घर की तरफ चलने लगा तो उसने चाचा की पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से चाचा जय सिंह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान बहुत ज्यादा खून बहने पर जय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसी बीच शोर शराबा सुनकर आसपास के कई लोग मौके पर आ गए। ग्रामीणों को आता देख सन्नी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली वीरेंद्र सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने मामले की जानकारी ली। उसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाली के एसआई अभिनव शर्मा का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।