लक्सर। मेले में सामान बेचकर लौट रहे दो युवकों पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। दोनों ने किसी प्रकार भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के डुमनपुरी गांव निवासी सचिन कुमार और अमित कुमार ने तहरीर देकर बताया कि वह मेले में सामान बेचते हैं। आठ सितंबर को वह बाड़ीटीप गांव में मेले में दुकान लगाने गए थे। रात को वापस लौटते समय फतवा गांव के समीप पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद अंकित निवासी ग्राम तिलकपुरी, आकाश और राजकुमार निवासीगण ग्राम डुमनपुरी व उनके तीन अज्ञात साथियों ने उन्हें रोककर उन पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान उसकी जेब में मौजूद 8200 की नकदी भी गिर गई। फतवा गांव में भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।