तेज रफ्तार और तीखे मोड़ पर चेतावनी बोर्ड न होने से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नारसन। क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल के पास शनिवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा गिरी जिससे कार सवार मेरठ के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज गति और सड़क पर मौजूद तीखा मोड़ बताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जहां गंगनहर में एक ग्रे रंग की कार उलटी अवस्था में आधी डूबी हुई मिली। स्थानीय झाल कर्मियों की मदद से जब वाहन की तलाशी ली गई तो कार के भीतर दो युवक फंसे हुए पाए गए। पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार को नहर से बाहर निकाला और दोनों शवों का पंचनामा भरकर रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। वाहन के पंजीकृत स्वामी से संपर्क करने पर पता चला कि दोनों युवक किसी कार्य से रुड़की आए थे। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को देने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सौरभ शर्मा (25) पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी कुराली, थाना जानी, मेरठ और पुनीत (25) पुत्र आशुतोष, निवासी कुराली, थाना जानी, मेरठ के रूप में हुई।
मोहम्मदपुर झाल के पास नहर पटरी पर पहले भी हो चुके हादसे
-घटना 1
तीन जून 2025 की देर रात एक कार गंगनहर के रास्ते मंगलौर से पुरकाजी की तरफ जा रही थी इस बीच मोहम्मदपुर झाल के तीव्र मोड़ के समीप कार अनियंत्रित होकर गंगनहर के बाईपास पर पलट गई। सुबह राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला था। आधार कार्ड से उक्त व्यक्ति की शिनाख्त धर्मेंद्र पुत्र बलबीर सिंह निवासी भोगांव सहारा मैनपुरी उत्तर प्रदेश उम्र 49 वर्ष के रूप में हुई थी।
घटना 2
एक मार्च 2022 की देर शाम करीब 8 बजे मोहित कुमार राघव पुत्र सुरेंद्र सिंह राघव निवासी ग्राम रानायच शिकारपुर नरेंद्रपुर बुलंदशहर उम्र 34 वर्ष जो गंग नहर पटरी से पुरकाजी से मंगलौर की ओर जा रहा था जैसे ही नहर पटरी मोहम्मदपुर झाल के पास पहुंचा तो बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी ।