लक्सर/सुल्तानपुर (रुड़की)। पेड़ पर चढ़कर सेमल तोड़ना दो किशोरों को भारी पड़ गया। नाराज खेत स्वामी ने दोनों किशोरों को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उनकी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने संज्ञान लिया। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों किशोरों को मेडिकल के लिए भेजा और मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के निहंदपुर सुठारी गांव के बाहर एक व्यक्ति के खेत की मेढ़ पर सेमल का पेड़ है। बताया जाता है कि पेड़ पर दूसरा खेत स्वामी भी अपना हक जताता है। बुधवार को एक खेत स्वामी के परिवार वाले मौके पर पहुंचे और सेमल तोड़ने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही दूसरा खेत मालिक मौके पर आ गया और उसने सेमल तोड़ते दो किशोरों को पकड़ लिया। आरोप है कि उसने दोनों को पेड़ में रस्सी से बांध दिया और डंडे से पिटाई शुरू कर दी। किशोरों के माफी मांगने पर उसने दोनों को छोड़ा। बताया जाता है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया। वहीं, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट करने वाले को पकड़ लिया।
आरोप है कि कुछ देर चौकी में रखकर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। बृहस्पतिवार को किसी ने वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया और यह वायरल हो गया। किसी ने वीडियो कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को भेजा तो मामला उनके संज्ञान में आया। उन्होंने पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं, पीड़ित किशोरों के परिवार वालों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरों को मेडिकल के लिए भेज दिया है। कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि आरोपी जुल्फिकार निवासी निहंदपुर सुठारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।