आसफनगर नहर पटरी मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में से एक यूपी पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक बिना नंबर की बाइक से दो व्यक्ति नहर पटरी के रास्ते रुड़की की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे तांशीपुर पिकेट के पास एक कंपनी के पास पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल रुड़की पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय लाल सिंह निवासी बिजोपुरा और 35 वर्षीय अमरीश निवासी स्मृति थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। लाल सिंह उत्तर प्रदेश होमगार्ड में कार्यरत थे। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।