सोलानीपुरम क्षेत्र में बिजली कटौती, ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और हाई वोल्टेज की लगातार मिल रही शिकायतों के समाधान के लिए ऊर्जा निगम की टीम सर्वे करने पहुंची। इस दौरान प्रस्तावित विद्युत कार्यों को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
एक पक्ष ने प्रस्तावित स्थान को अनुपयुक्त बताते हुए वहां पर्याप्त जगह न होने की बात कही जबकि दूसरे पक्ष ने उसी स्थान को उपयुक्त बताते हुए वहीं कार्य कराने की मांग की। इसी बीच एक क्षेत्रवासी और पार्षद प्रतिनिधि के बीच भी कहासुनी हो गई। दोनों ने एक-दूसरे पर क्षेत्र के विकास कार्यों में बाधा डालने और राजनीति करने के आरोप लगाए।
विवाद बढ़ने पर कुछ देर बाद क्षेत्रवासी वहां से चले गए। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (नगरीय) अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि सोलानीपुरम से बिजली संबंधी समस्याओं की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इन्हीं के समाधान के लिए टीम को मौके पर सर्वे के लिए भेजा गया था। सर्वे के दौरान स्थानीय लोगों के दो पक्ष आपस में उलझ गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कार्य दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद ही कराए जाएंगे ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।