क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को दो स्थानों पर कार्रवाई की। शिकारपुर रोड, लंढौरा में मोहब्बत की ओर से भूतल पर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। कब्रिस्तान के पास पीरपुरा रोड–पठानपुरा रोड क्षेत्र में मुस्तकीम ठेकेदार की ओर से टिनशेड में हॉल का निर्माण किया जा रहा था।
प्राधिकरण के अनुसार, दोनों ही निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के कराए जा रहे थे जो नियमों के विपरीत है। संबंधित निर्माणकर्ताओं को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे लेकिन चेतावनियों के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। इस पर प्राधिकरण की टीम ने अधिनियम की धाराओं के तहत वाद दर्ज करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों स्थलों को सील कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।