छात्रा से एकतरफा प्यार को लेकर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। बाद में दोनों गुटों के छात्रों और उनके परिजनों को थाने में लाकर मामले को निपटाया। फिर भी पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्र कलियर के पास एक कॉलेज में पढ़ते हैं। यहां रुड़की की एक छात्रा भी पढ़ती है। बताया जाता है कि दो छात्र उससे एकतरफा प्यार करते हैं। बृहस्पतिवार को दोनों छात्रा से एकतरफा प्यार को लेकर भिड़ गए और झड़प हो गई। हालांकि, कॉलेज स्टाफ और अन्य छात्रों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद दोनों छात्रों के गुट गांव पहुंच गए। यहां दोपहर बाद इसी बात को लेकर छात्रों के दोनों गुट आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। मामला बढ़ता देख किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। भगवानपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छात्रों व उनके परिजनों को समझाकर विवाद शांत कराया। इसके बाद दोनों गुटों के लोगों को लेकर थाने आई। यहां पुलिस ने दोनों गुटों को फटकारकर मामला शांत कराया। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि दोनों गुटों के बीच विवाद शांत करा दिया गया है। साथ ही एहतियातन गांव की स्थिति को देखते हुए मामले पर नजर रखी जा रही है।