पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स/मेले के दौरान अब्दाल साहब रोड पर छेड़खानी को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो अब्दाल साहब रोड का है। यहां एक युवती के साथ कथित तौर पर एक युवक ने छेड़खानी कर दी। युवती के साथ मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के कई युवक आपस में भिड़ गए। काफी देर तक मौके पर मारपीट होती रही। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उर्स के चलते कलियर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जानकारी मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।