गंगनहर किनारे सेल्फी ले रहे चार दोस्तों में से दो गंगनहर में डूबकर लापता हो गए। दोनों को डूबते देख दो दोस्तों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने गंगनहर में खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला। हादसे के सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, भरत (21) निवासी मोदीपुरम, मेरठ, संदीप (27) निवासी हवेली के पास, बागपत, अभिषेक जैन (21) निवासी चौहान एनक्लेव बागपत और राकेश (46) निवासी बड़ौत रोड, बागपत शुक्रवार सुबह कार से मसूरी जा रहे थे। तड़के करीब चार बजे वह रुड़की पहुंचे। यहां उन्होंने सेल्फी लेने के लिए सोलानी पार्क के पास अपनी कार रोक दी। चारों दोस्त नीचे उतरकर गंगनहर किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने लगे। इस बीच भरत और संदीप का पैर अचानक फिसल गया और वे गंगनहर में डूबने लगे। अभिषेक और राकेश ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों गंगनहर के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। दोस्तों को डूबते देख दोनों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर मॉर्निंग वॉक पर गए लोग पहुंचे और जानकारी ली।
उन्होंने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने हादसे की सूचना दोनों के परिजनों को दी। परिजन रुड़की पहुंचे और हादसे को संदिग्ध मानते हुए पुलिस से जांच करने की मांग की। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी दीप कुमार ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही गंगनहर में डूबे युवकों की तलाश के लिए ऋषिकेश से एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों की तलाश की जा रही है।