पुलिस युवक के दो दोस्तों से भी गहनता से कर रही है पूछताछ
युवक ने मौसी के बेटे के अपहरण का डर दिखा मांगी थी फिरौती
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। मौसी के बेटे का अपहरण होने का डर दिखाकर चार लाख की फिरौती मांगने वाले युवक का साथ दो दोस्तों ने भी दिया था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनपुरा निवासी अनिल कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि उनके साढ़ू के बेटे ने कुछ बदमाशों के साथ 10 साल के बेटे का अपहरण का डर दिखाया था। पुलिस जांच में पता चला था कि युवक ने ही चार लाख की फिरौती मांगी थी। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। अब पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक ने दो दोस्तों के साथ मिलकर अपहरण का डर दिखाकर फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। रविवार को पुलिस ने युवक के दोनों दोस्तों को कोतवाली बुलाकर घंटों पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि पैसों के लालच में आकर उन्होंने सहयोग किया था। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि दोनों से पूछताछ की गई है। दोनों नाबालिग हैं। फिलहाल दोनों को पूछताछ के बाद नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।