मंगलौर। नाली बनाने का विरोध कर रहे दो लोगों से विरोध का कारण पूछने पर उन्होंने नगरपालिका के अवर अभियंता और ठेकेदार के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, इससे पहले नाली निर्माण बंद न किए जाने पर उन्होंने नाली में भी तोड़ फोड़ कर दी। अधिशासी अधिकारी (ईओ) की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नगर के मोहल्ला लालबाड़ा में नगर पालिका की ओर से नाली का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को दो लोग मौके पर पहुंचे और ठेकेदार नौशाद से नाली निर्माण कार्य बंद करने को कहने लगे। आरोप है कि ऐसा करने से मना करने पर उन्होंने नाली में तोड़ फोड़ कर दी। इसी बीच नगरपालिका के अवर अभियंता गुरदयाल सिंह मौके पर पहुंचे, उन्होंने आरोपियों से निर्माण कार्य बंद कराने और तोड़ फोड़ करने की वजह पूछी तो उन्होंने गाली गलौज करते हुए अवर अभियंता संग भी मारपीट कर दी। बीच बचाव में आए ठेकेदार नौशाद को भी पीट दिया। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी शाहिद अली ने मोहल्ला लालबाड़ा निवासी नावेद और शहजाद के खिलाफ अवर अभियंता के साथ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि तहरीर में नामजद दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।