पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा में दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
पिरान कलियर। कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को 870 नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कोर्ट में पेश किया।
एसओ दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि पिरान कलियर में नशे के कारोबार को रोकने के लिए एसएसपी के निर्देश पर सीओ रुड़की नरेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। शनिवार को पुलिस टीम नशे के खिलाफ क्षेत्र में चेकिंग शुरू की। इसी बीच मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि दो नशा तस्कर कलियर में इंजेक्शन बेचने के लिए आए हुए हैं। सूचना पर एसएसआई आमिर खान और हेमदत्त भारद्वाज के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया।
टीम ने मुखबिर द्वारा बताई गई लोकेशन पर नशा तस्करों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस को एक युवक हाउस शौचालय के पास सड़क किनारे हाथ में बोरा लिए हुए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। आरोपी के पास से मिले बोरे की तलाशी लेने पर उसके अंदर 850 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड ऑर्थोडॉन इंजेक्शन बरामद हुए।
दूसरी टीम ने रहीस कॉलोनी मुकर्रबपुर के पास एक आम के बाग से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 20 इंजेक्शन ब्यूप्रेनोर्फिन और 20 इंजेक्शन एविल के मिले। पकड़े गए युवक बरामद इंजेक्शनों के कोई बिल और लाइसेंस नहीं दिखा पाए। एसओ ने बताया कि आरोपी फैजान निवासी मुकर्रबपुर कोतवाली लक्सर और मोनू निवासी महमूदपुर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
-
बिना चिकित्सक की राय के नहीं दिए जा सकते बरामद किए इंजेक्शन
बरामद इंजेक्शनों को ड्रग्स इंस्पेक्टर अनिता भारती को दिखाए गए। उनके अनुसार ब्यूप्रेनोर्फिन इंजेक्शन एनडीपीएस एक्ट की श्रेणी में आते हैं। यह इंजेक्शन बिना चिकित्सक की राय के किसी को भी नहीं दिए सकते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह इंजेक्शनों को लंढौरा और नगला इमरती से कलियर में बेचने के लिए लाए थे।
पिरान कलियर में कब-कब पकड़े गए इंजेक्शन
6 जुलाई 2022- मेहवड पुल के पास पकड़े गए लुधियाना पंजाब निवासी रूपलाल से 100 प्रतिबंधित इंजेक्शन
12 जुलाई 2022- अब्दाल शाह रोड पर कपूर थला पंजाब निवासी से 540 गोलियां
17 अगस्त 2022- धनौरी रोड पर कलियर निवासी आसिफ से 380 इंजेक्शन
8 सितंबर 2022- माजरी चौक से जालंधर पंजाब निवासी मांगाराम से 600 गोलियां
4 दिसंबर 2022 को रुड़की रोड कलियर से गणेशपुर रुड़की निवासी संजय चौधरी से 28 गोलियां
24 दिसंबर 2022 को सोहलपुर रोड कलियर से देवबंद निवासी से 2800 गोलियां
24 जनवरी 2023 को नई बस्ती कलियर से बोड़ाहेड़ी निवासी जुनैद आलम से 600 टेबलेट और 5224 गोलियां
29 जनवरी 2023 गुम्मावाला रोड से हजाराग्रंट निवासी तनवीर से 90 इंजेक्शन
5 मार्च 2023 नहरों के बीच से मुजफ्फरनगर निवासी अमित, आकाश और सतीश से 2000 इंजेक्शन और 6000 हजार गोलियां बरामद
14 अप्रैल 2023 मेहवड कलां के पास से सलेमपुर निवासी अरशलान से 3600 कैप्सूल
9 सितंबर 2023 इमली रोड से अमीर आलम निवासी जनकपुरी सहारनपुर, फेरिश निवासी सोहलपुर और नोमान निवासी जैनपुर मंगलौर से 3600 इंजेक्शन।