रुड़की। सिविल अस्पताल में काला पीलिया और डेंगू पांव पसार रहा है। मंगलवार को दो मरीजों में से एक में काला पीलिया जबकि दूसरे में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं एक अन्य काला पीलिया संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट भेजी गई है।
इन दिनों बारिश के बाद शहर और आसपास के इलाकों में काला पीलिया और डेंगू ने लोगों पर वार करना शुरू कर दिया है। वहीं संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है। जिससे सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। मंगलवार को अस्पताल में लगभग 650 मरीजों में अधिकतर मरीज संक्रमण के पहुंचे। चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल पहुंचे अधिकतर मरीजों में तेज बुखार, उल्टी और आंखों में पीलापन जैसे लक्षण दिख रहे हैं। अस्पताल में तैनात चिकित्साधिकारी नीतीश कुमार ने बताया कि काला पीलिया के एक मरीज की पुष्टि की गई। जबकि दूसरे संदिग्ध मरीज का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं अस्पताल में तेज बुखार से पीड़ित डेंगू का एक मरीज मिला। पूर्व में भी दो डेंगू मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। इनमें एक की छुट्टी कर दी गई थी। इसके बाद दोबारा वार्ड में दो मरीज फिर से भर्ती हो गए हैं। जिनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि वे घरों के आसपास या छतों पर पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरे कपड़ों को पहने और सोते समय मच्छरदानी अवश्य लगाए। वहीं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।
-
डेंगू के लक्षण
अचानक तेज बुखार, तेज सिरदर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, मतली, उल्टी, चकते और थकान।
बॉक्स
काला पीलिया के लक्षण
त्वचा का रंग काला पड़ना
आंखों में पीलापन छाना
हाथ-पैर के नाखून, हथेलियां और पेशाब पीला होना
पेट और पैरों में पानी भर जाना
भूख नहीं लगना
तेजी से वजन कम होना
हमेशा थकान महसूस होना
सिर में दर्द और उल्टी की समस्या होना
त्वचा पर खुजली होना