बाइक पर दवा लेने जा रहे सुल्तानपुर निवासी शादाब और उनके भाई नाजिम पर बाइक सवार युवकों ने पीछा करके हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, हॉकी और धारदार हथियार से हमला कर दोनों भाइयों को घायल कर दिया। पुलिस ने नामजद चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी शादाब ने तहरीर में बताया कि 18 सितंबर को वह अपने भाई नाजिम के साथ बाइक पर दवा लेने जा रहे थे। इस दौरान अलग - अलग बाइकों पर सवार होकर आए आरोपी शोएब उर्फ डॉन, तमरेज उर्फ चिल्ली, वाजिद और साकिब निवासी सुल्तानपुर ने पीछा कर टीवीएस एजेंसी के समीप उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, हॉकी और धारदार हथियार से उन पर हमला किया। हमले में वह और नाजिम दोनों घायल हो गए। हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला किया। बचाव करते हुए हाथ में चाकू लगने से वह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए और उन्हें बचाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।