पुलिस ने दो आरोपियों को पेट्रोल पंप से चोरी की गई बिजली की मोटर और लोहे की रॉड के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
हरिद्वार रोड स्थित श्री सीमेंट फैक्टरी के सामने पेट्रोल पंप से सितंबर में लोहे की प्लेट, बिजली की मोटर और लोहे के पाइप आदि चोरी कर लिए गए थे। इस चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पेट्रोल पंप से चुराए गए सामान को बेचने के लिए अन्य किसी स्थान पर जा रहे थे।
कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पेट्रोल पंप से हुए चोरी के खुलासे के लिए सुल्तानपुर चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल एवं उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह तोमर, कांस्टेबल सतीश जोशी और कांस्टेबल अजीत तोमर को लगाया गया था। टीम को सोमवार देर शाम सूचना मिली कि पेट्रोल पंप से सामान चोरी करने वाले आरोपी सुल्तानपुर से बाहर सामान बेचने के लिए जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुल्तानपुर हरिद्वार रोड स्थित सत्संग भवन के पास आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डेरा डाल दिया।
मौके पर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ही पेट्रोल पंप पर चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर ही पुलिस ने पेट्रोल पंप से चुराया गया सामान सत्संग भवन के पास से ही बरामद कर लिया। पुलिस को आरोपी ने अपना नाम हसीन निवासी जसो दरपुर थाना कोतवाली लक्सर और दूसरे ने अपना नाम प्रदीप निवासी रविदास मंदिर सुल्तानपुर थाना कोतवाली लक्षण बताया है। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।