भूमि विवाद में दो भाइयों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
कोतवाली क्षेत्र के नरोजपुर गांव निवासी इमरान ने पुलिस तहरीर देकर बताया था कि गांव के शावेज आदि उनके खेत की भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। 18 फरवरी को उनके भाई असलम और सुहैल खेत में काम कर रहे थे। वहां आरोपी शावेज, सुल्तान, अनस, इलियास, फरदीन और फरीद निवासी ग्राम नरोजपुर हाथ में बलकटी, छुरी और फावड़े लेकर आए और उनके साथ गाली-गलौज की।
असलम और सुहैल जान बचाकर अपने घर में आ गए लेकिन आरोपियों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से उनपर जानलेवा हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल असलम को हायर सेंटर रेफर किया गया था। तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही थी। जांच के दौरान सोमवार को उपनिरीक्षक आशीष भट्ट ने पुलिस टीम के साथ एक ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी शावेज और सुल्तान निवासी नरोजपुर को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।